गिरिडीह. डीसी सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने समस्त जिलेवासियों को विजयदशमी और दशहरा की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। अपने संबोधन में डीसी ने कहा कि विजयादशमी का त्योहार अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई तथा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हम सभी को अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर जीवन में सदाचार की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम अपने जीवन में अहंकार से मुक्त होकर सच्चाई के रास्ते पर चलें और सामाजिक समरसता के लिए मिलजुल कर कार्य करें। यह पावन त्योहार हमें इस बात का भी स्मरण कराता है कि सच्चाई का साथ देने वालों की हमेशा जीत होती है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपील किया कि बुराई पर अच्छाई की विजय के इस पावन पर्व पर भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को आत्मसात कर जीवन को सार्थक बनायें। उन्होंने कहा कि धर्म और सत्य की विजय के इस मंगल पर्व पर प्रभु श्रीराम से यही प्रार्थना है कि सब सुखी हों, सबका कल्याण हो, हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।
