- लोगों में भारी आक्रोश का माहौल, शव के साथ किया सड़क जाम
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के जगशिमर गांव के एक (33 वर्षीय) युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में जंगल से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है. मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पायी है. मौत को लेकर परिजन सशंकित हैं, मृतक की पहचान भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के जगशिमर गांव निवासी उपेंद्र यादव के रूप में हुई है. उपेन्द्र यादव फतेहपुर – भेलवाघाटी सड़क में देवरी थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास बेहोशी हालत में पड़ा हुआ था. जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया गया. जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के मुताबिक जगशिमर गांव निवासी पलकधारी यादव का पुत्र उपेन्द्र यादव रविवार की शाम चतरो बाजार से वापस अपने घर जगशिमर लौट रहा था. इसी क्रम में घटना हुई. इधर घटना की सूचना पर देवरी थाना के एएसआई बुद्धदेव उरांव सामुदायिक स्वास्थ्य देवरी पहुंचकर घटना की जानकारी ली. मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद उपेंद्र के पैर के नाख़ून गायब है. इससे लोगों में हत्या करने की आशंका जताई जा रही है. वहीं घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है. घटना के बाद लोगों ने मृतक के शव के साथ सुबह 7 बजे से सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. इधर सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, देवरी के थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को काफी समझाया. इसके बाद करीब 4 घंटे के बाद लोग माने और सड़क जाम हटा. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने बताया की उपेंद्र की बाईक को बरामद कर ली गई है. लोगों से पूछताछ की जा रही है.
