कोडरमा: सतपुलिया के पास बोरे में बंद मिला महिला का शव; मसाला पीसने वाले सिलपट्टे से वार कर पति ने की हत्या, आरोपी फरार

झारखंड

कोडरमा. झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और उसके शव के गायब होने के मामले ने सोमवार को दिल दहला देने वाला मोड़ ले लिया. पुलिस ने लापता महिला का शव बोरे में बंद अवस्था में रांची-पटना रोड स्थित सतपुलिया के पास से बरामद किया है. मृतका की पहचान गिरिडीह के राजधनवार निवासी प्रीति सोनी के रूप में हुई है.

सिलपट्टे से वार कर हत्या का आरोप मिली जानकारी के अनुसार, यह जघन्य हत्याकांड शनिवार की शाम को अंजाम दिया गया था. प्रीति के मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके दामाद ने मसाला पीसने वाले सिलपट्टे (सीलपट) से वार कर प्रीति की हत्या कर दी है. शनिवार को जब पुलिस तिलैया बस्ती स्थित उनके किराए के मकान पर पहुँची, तो वहाँ न तो महिला का शव मिला और न ही उसका पति.

पति ने फोन कर मामा को दी थी जानकारी मृतका के मामा अनिल स्वर्णकार ने बताया कि आरोपी पति पवन सोनार (निवासी बेंगाबाद, गिरिडीह) और प्रीति के बीच अक्सर विवाद होता था. दो दिन पहले पवन ने फोन कर मामा से कहा:

“मामा, प्रीति ने मुझे बेलन से मारा, जिसके बाद मैंने उसे मारा तो उसका सिर मसाला पीसने वाले सिलपट्टे से टकरा गया और उसकी मौत हो गई.”

इस कबूलनामे के बाद से ही पवन ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और अपनी तीन वर्षीय बच्ची के साथ फरार हो गया.

बोरे में बंद मिला शव, हाथ दिख रहा था बाहर रविवार को मृतका की माँ सोनू देवी ने तिलैया थाना में दामाद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था. पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी, तभी सोमवार को सतपुलिया के पास एक संदिग्ध बोरा मिलने की सूचना मिली, जिससे महिला का हाथ बाहर दिख रहा था. परिजनों ने मौके पर पहुँचकर शव की पहचान प्रीति सोनी के रूप में की.

आरोपी और बच्ची की तलाश जारी शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी पवन सोनार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. पुलिस के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि आरोपी के साथ उनकी तीन साल की मासूम बच्ची भी है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *