बोकारो. बोकारो जिले के दुगदा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेक पोस्ट पर तैनात ग्राम रक्षा दल के गार्ड रंजीत गोस्वामी (52 वर्ष) पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे की है, जब रंजीत अपनी नियमित ड्यूटी पर थे. अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से उन पर हमला किया और विरोध करने पर चाकू से वार कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. घायल गार्ड को उनके सहकर्मियों ने तुरंत धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है. दुगदा बस्ती निवासी रंजीत गोस्वामी की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है. इस घटना से सुरक्षा कर्मियों में असुरक्षा का माहौल है.
