तमाड़. राधारानी मंदिर परिसर में रविवार 29 मार्च को क्षेत्र के विकास को लेकर पूर्व मुखिया रमेश कुमार मुंडा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित सरकारी पीजी महाविद्यालय का निर्माण मुख्यालय से दूर न होकर तमाड़ थाना के पास स्थित फार्म की 10 एकड़ जमीन पर किया जाए. ग्रामीणों ने कॉलेज को मुख्यालय से दूर बनाने की वर्तमान योजना का कड़ा विरोध किया है.
बैठक के बाद ग्रामीणों ने मुख्य चौक-चौराहों पर जुलूस निकालकर जनसमर्थन और हस्ताक्षर अभियान चलाया. ग्रामीणों का तर्क है कि मुख्यालय में कॉलेज बनने से कई प्रखंडों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सुविधा होगी. इन हस्ताक्षरों के माध्यम से जल्द ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगों को रखा जाएगा. मौके पर डॉ. दुर्गादास मोदक, श्रवण भगत और अनिमा मल्लिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
