महाराष्ट्र. महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद काला साबित हुआ. डिप्टी CM अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर एक भयानक विमान हादसे में निधन हो गया. वे जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में एक सभा को संबोधित करने जा रहे थे. लैंडिंग के समय उनका चार्टर्ड विमान अचानक रनवे से फिसल गया और उसमें भीषण आग लग गई. इस दुखद घटना में अजित पवार के साथ उनके निजी सहायक, सुरक्षाकर्मी और विमान के क्रू मेंबर्स की भी मौत हो गई है. इस खबर के बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
राजनीति के अलावा अजित पवार अपनी मजबूत आर्थिक स्थिति के लिए भी पहचाने जाते थे. साल 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अजित पवार की नेटवर्थ का खुलासा हुआ था. myneta.com के मुताबिक, अजित पवार करीब 124 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक थे. उनके पास न केवल पैतृक जमीनें थीं, बल्कि बड़े शहरों में आलीशान बंगले और करोड़ों का बिजनेस इंवेस्टमेंट भी था.
अजित पवार की कमाई का मुख्य जरिया सिर्फ राजनीति से मिलने वाला वेतन नहीं था. वे खेती और बिजनेस से भी मोटी कमाई करते थे. सालाना तौर पर वे अपने बिजनेस इंवेस्टमेंट से करीब 2.5 करोड़ रुपये और खेती-बाड़ी से 1.5 करोड़ रुपये कमाते थे. इसके अलावा, मुंबई और पुणे जैसे शहरों में स्थित उनकी कमर्शियल संपत्तियों से उन्हें हर साल लगभग 1 करोड़ रुपये का किराया मिलता था.
संपत्ति के मामले में अजित पवार काफी अमीर थे. उनके पास बारामती में 20 करोड़ रुपये की उपजाऊ कृषि भूमि है, जिसे वे खुद मैनेज करते थे. इसके अलावा, पुणे के पॉश इलाके बनेर में उनका 12 करोड़ रुपये का अपना बंगला है और मुंबई के वर्ली जैसे महंगे इलाके में 7 करोड़ रुपये का एक फ्लैट भी उनके नाम है. इतना ही नहीं, पुणे में उनकी 5 करोड़ रुपये की एक बड़ी ऑफिस बिल्डिंग (कमर्शियल संपत्ति) भी है.
अजित पवार को गाड़ियों का भी बड़ा शौक था. उनके काफिले में हमेशा कीमती और सेफ़्टी वाली गाड़ियां देखी जाती थीं. उनके पास सबसे महंगी कार टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो थी, जिसकी कीमत 1.2 करोड़ रुपये है. इसके अलावा उनके गैराज में 75 लाख की BMW 5 सीरीज, 50 लाख की फॉर्च्यूनर और एक कस्टमाइज्ड महिंद्रा स्कॉर्पियो भी शामिल थी.
