गिरिडीह. शारदीय नवरात्रि के दौरान मंगलवार को महाष्टमी के पावन अवसर पर गिरिडीह शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्गापूजा मंडपों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।महाष्टमी के दिन देवी दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा का विशेष महत्व होता है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में भक्तों ने मां दुर्गा को चुनरी, नारियल, फल और मिष्ठान्न अर्पित कर पूजा-अर्चना की। कई मंडपों में पारंपरिक हवन और कन्या पूजन का आयोजन भी किया गया।
खासकर प्रमुख पूजा स्थलों जैसे अकादमी, आम बगान, पचंबा, बरगंडा विश्वनाथ मंदिर, बाभनटोली, पपरवाटांड़, बनियाडीह, सेंट्रलपिट, शास्त्रीनगर, पुराना जेल परिसर, अलकापुरी, कृष्णा नगर, फॉरेस्ट ऑफिस, पचंबा, बरमसिया में भीड़ अधिक देखने को मिली जहां सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पंडालों की आकर्षक सजावट और रंगीन रोशनी ने रात के समय माहौल को और भी मनमोहक बना दिया।
