धनबाद/लातेहार. बार एसोसिएशन चुनाव के बीच धनबाद और लातेहार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, छावनी में तब्दील हुआ परिसर

धनबाद

धनबाद/लातेहार. झारखंड में गुरुवार 12 मार्च 2026 को धनबाद और लातेहार के सिविल कोर्ट को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. लातेहार कोर्ट को पहली बार, जबकि धनबाद कोर्ट को पिछले 15 दिनों के भीतर दूसरी बार इस तरह की धमकी दी गई है. धमकी मिलने के बाद दोनों जिलों के पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते के साथ पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया.

यह धमकी उस समय मिली है जब पूरे राज्य में झारखंड स्टेट बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए मतदान चल रहा है. मतदान के दौरान मिली इस धमकी से अधिवक्ताओं और कोर्ट कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया है. सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है. गौरतलब है कि धनबाद कोर्ट को इससे पहले 25 फरवरी को भी धमकी मिली थी. हाल के दिनों में रांची, बोकारो और जमशेदपुर अदालतों को भी निशाना बनाने की धमकियां मिल चुकी हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी सेल की मदद ले रहे हैं और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *