गिरिडीह. कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन जरूरतमंदों की मदद में जुट गया है. इसी क्रम में आज जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, श्री बिनोद कुमार सिंह गिरिडीह मुख्यालय में स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बुजुर्गों/जरूरतमंदों और असहाय के बीच कंबल वितरण किया. ताकि ठंड से परेशान लोगों को राहत मिल सकें. इस दौरान उन्होंने कहा कि ठंड से किसी भी गरीब को परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है. साथ ही जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और उनकी ज़रूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन और रहने की सुविधाओं का जायजा लिया, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएँ मिल सकें और सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके, यह सुनिश्चित किया जा सकें. इसके अलावा उन्होंने समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित वृद्धाश्रम के प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित कर्मियों को उचित निर्देश दिए.
इसके अलावा गिरिडीह जिला अंतर्गत सभी अनुमंडल एवं सभी प्रखंडों में अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा बढ़ती ठंड से परेशान जरूरतमंदों और असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया ताकि लोगों की ठंड से बचाव सुनिश्चित हो सकें. इसके अलावा शीतलहर और रात के तापमान में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में जरूरतमंद लोगों के लिए बड़े पैमाने पर अलाव की व्यवस्था की है. जिला प्रशासन की इस विशेष मुहिम के तहत न केवल गिरिडीह मुख्यालय के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिक्षेत्र एवं रात में खुली जगहों पर सोने वाले लोगों की बस्तियों में अलाव जलाए जा रहे हैं, बल्कि जिले के सभी प्रखंडों में भी व्यापक स्तर पर यह व्यवस्था की गई है. प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत भवन परिसरों, ग्रामीण हाट-बाजारों, धार्मिक स्थलों के पास, मजदूर चौकियों तथा बेघर एवं दिहाड़ी मजदूरों की अधिक संख्या वाले स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जल रहे हैं
