हजारीबाग: बरकट्ठा से चोरी हुए डीजे लदे पिकअप का खुलासा; एसआईटी ने दो आरोपियों को दबोचा

झारखंड

हजारीबाग. बरकट्ठा प्रखंड के बंडासिंघा गांव से डीजे सेट और जेनरेटर लदे पिकअप वाहन की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बरही डीएसपी अजीत कुमार विमल ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 18 मार्च की रात जीटी रोड स्थित बंडासिंघा मोड़ से पिकअप (जेएच 02 क्यू 8266) चोरी हो गई थी, जिसके बाद गोरहर थाना में कांड संख्या 10/26 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरही के सूरजदेव कुमार रविदास और पटना के बिदी प्रसाद को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करियातपुर स्थित एक गैरेज से चोरी की गई पिकअप और एक अन्य टाटा मैजिक बरामद की है.

तलाशी के दौरान आरोपी सूरजदेव के घर से चोरी का डीजे साउंड सिस्टम, दो जेनरेटर और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जो 1 मार्च को बरही महोत्सव के दौरान चोरी हुई थी. जांच में एक बाइक के फर्जी कागजात बनाकर बेचने का मामला भी प्रकाश में आया है. डीएसपी ने स्पष्ट किया कि बिना कागजात की जांच किए वाहन का रंग-रोगन करने वाले गैरेज मालिकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और इस बड़ी कामयाबी से क्षेत्र के वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *