रुक गई है किस्त तो न हों परेशान, होली से पहले सरकार करेगी रुकी हुई राशि का भुगतान

झारखंड

झारखंड. झारखंड सरकार ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के उन लाभुकों को दोबारा राशि देने की तैयारी कर रही है, जिन्हें शुरुआत में किस्त मिली थी लेकिन तकनीकी कारणों से बाद में भुगतान रुक गया था। राज्य भर से मिल रही शिकायतों के बाद सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने सभी जिलों से ऐसे पात्र लाभुकों का विस्तृत विवरण मांगा है। भुगतान रुकने के मुख्य कारणों में आधार और बैंक खाते का लिंक न होना, राशन कार्ड या पासबुक में त्रुटियां और दस्तावेज़ों में नाम या जन्मतिथि का गलत होना पाया गया है। विभाग ने इन विसंगतियों को दूर कर कागजों में सुधार करने का निर्देश दिया है ताकि योग्य महिलाओं को योजना का लाभ निरंतर मिल सके।

वर्तमान में राज्य की लगभग 51 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत प्रतिमाह 2,500 रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। राहत की बात यह है कि निदेशालय ने फरवरी माह की राशि होली से पहले ही सभी लाभुकों के खातों में ट्रांसफर करने का निर्देश दिया है। इसके लिए जिलों को आवश्यक राशि आवंटित कर दी गई है और इस माह के अंत तक भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र महिला दस्तावेजी त्रुटियों के कारण इस सम्मान राशि से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *