पटना में डबल मर्डर, चाची और पड़ोसी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

नेशनल

पटना. पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र से शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. रसलपुर गांव में आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. दो चचेरे भाइयों के बीच चल रहा पुराना झगड़ा गोलीबारी में बदल गया. इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. गांव में दहशत का माहौल है. मृतकों में 50 वर्षीय राजमंत्री देवी शामिल हैं. वह आरोपी युवक की चाची थीं. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. दूसरी मौत पड़ोसी देवसागर सिंह की हुई. देवसागर बीच-बचाव करने पहुंचे थे. इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं राजमंत्री देवी का बेटा राजन प्रसाद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है. उसका इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.जानकारी के अनुसार रसलपुर गांव निवासी राजकुमार प्रसाद और उनके चचेरे भाई श्रवण प्रसाद के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था. शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष विवादित जमीन पर पहुंचे थे. आरोप है कि श्रवण प्रसाद की ओर से जमीन पर पिलर का निर्माण कराया जा रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद उस समय ज्यादा बड़ा नहीं था. मामला पहले सुलझ चुका था. लेकिन बातचीत के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया. इसी बीच राजकुमार प्रसाद का बेटा शिवम हाथ में देसी कट्टा लेकर मौके पर पहुंचा. उसने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. पहली गोली राजमंत्री देवी के सिर में लगी. उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इसके बाद आरोपी ने दूसरी गोली अपने चचेरे भाई राजन प्रसाद को मार दी. तीसरी गोली बीच-बचाव कर रहे पड़ोसी देवसागर सिंह को लगी. गोली देवसागर के सिर में फंस गई थी. उन्हें तुरंत PMCH ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही फतुहा SDPO-1 अवधेश कुमार और थाना अध्यक्ष सदानंद साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली. वहां से दो देसी कट्टे, एक तलवार और एक बाइक बरामद की गई. ग्रामीण SP ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SIT गठित की गई है. लगातार छापेमारी हो रही है. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *