पटना. बिहार की राजधानी पटना में शराब तस्करी के सिंडिकेट का एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. दीघा थाना पुलिस ने लक्ष्मीनिया गली स्थित एक खटाल में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जहाँ दूध के कारोबार की आड़ में अवैध शराब और हथियारों का धंधा चल रहा था. पुलिस ने मौके से 19 बोतल अंग्रेजी और देसी शराब के साथ दो अवैध राइफलें बरामद की हैं. इस मामले में मुख्य सरगना अंकुश उर्फ रौशन समेत चार धंधेबाजों (गुड्डू, श्रवण और मनोज कुमार) को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, ये आरोपी नटका दियारा के रहने वाले हैं और वर्चस्व कायम करने व लोगों को डराने के लिए अवैध हथियार रखते थे. फिलहाल सभी आरोपियों से उनके नेटवर्क और आपराधिक इतिहास को लेकर पूछताछ की जा रही है.
