बगोदर. बगोदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम बिहारो (कोल्हरिया टोला) निवासी प्रवासी श्रमिक स्व. दिनेश कोल्ह की विगत दिनों गुजरात के जामनगर में विद्युत करंट की चपेट में आने से असामयिक मृत्यु हो गई थी. इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही बगोदर विधायक सह सचेतक नागेन्द्र महतो पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ढांढस बंधाया था. विधायक नागेन्द्र महतो ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर मुआवजा दिलाने के लिए निर्देशित किया, जिसके परिणामस्वरूप मृतक के आश्रित परिजनों को कुल 8 लाख रुपये का मुआवजा उपलब्ध कराया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार इसमें 6 लाख रुपये संबंधित कंपनी की ओर से, 1 लाख रुपये स्थानीय ठेकेदार के माध्यम से तथा 50 हजार रुपये श्रम विभाग की ओर से प्रदान किया गया है. शेष राशि का भुगतान शीघ्र किए जाने का आश्वासन भी अधिकारियों द्वारा दिया गया है. परिजनों ने इस सहयोग के लिए विधायक नागेन्द्र महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही इस कठिन समय में उन्हें राहत मिली है.
