नोआमुंडी. पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी, महुदी और बोटम बिन प्लांट के नजदीकी जंगलों में पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। शनिवार दोपहर एक बार फिर हाथियों को जंगल के पास देखा गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है। ग्रामीण कांडे लोहार और गणेश गोप ने बताया कि हाथियों की मौजूदगी के कारण वे रात भर सो नहीं पा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग ने उन्हें हाथी भगाने के लिए न तो टॉर्च उपलब्ध कराई है और न ही अन्य सुरक्षा उपकरण।
दूसरी ओर, फॉरेस्टर अमित महतो का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हाथी अब तक केवल भोजन-पानी की तलाश में हैं, उन्होंने किसी को नुकसान नहीं पहुँचाया है। विभाग का कहना है कि प्रभावित इलाकों में पटाखे बांटे गए हैं, लेकिन विभाग के पास फिलहाल टॉर्च की कमी है। वन विभाग की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
