गुमला. झारखंड के गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरगांव पतराटोली गांव में सोमवार की रात जंगली हाथी के हमले में एक पांच महीने की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. रात करीब 11:00 बजे जब चंदन उरांव अपने परिवार के साथ सो रहे थे, तभी एक जंगली हाथी ने उनके घर पर हमला कर दिया. हाथी द्वारा घर तोड़े जाने के दौरान दीवार का एक बड़ा हिस्सा गिर गया, जिसके मलबे में दबने से मासूम अमिता उरांव की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में चंदन की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जबकि वे अपने पांच वर्षीय बेटे को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहीं.
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों को पूरी रात रतजग्गा करना पड़ा. सूचना मिलते ही वन विभाग की बसिया टीम और करंज थाना प्रभारी करण टूडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. विभाग द्वारा पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है और घायल महिला के इलाज की व्यवस्था की जा रही है. स्थानीय मुखिया रश्मि लकड़ा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है. उन्होंने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित वन क्षेत्र में खदेड़ने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की पुरजोर मांग की है.
