हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बड़कागांव बाजार स्थित प्रभु सोने की दुकान में घुसकर हथियारबंद लुटेरों ने करीब 25 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए. लूट की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना सुबह करीब 10 बजे की है. जब स्थानीय लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने करीब 5-6 राउंड गोलियां भी चलाईं, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गए. घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया है.
लूट के बाद जब अपराधी दुकान से निकलकर भाग रहे थे, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान कांग्रेस नेता रामसेवक सोनी के भाई सुधीर सोनी के हाथ में गोली लग गई. गोली लगते ही इलाके में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
मोटरसाइकिल से आए थे लुटेरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लुटेरे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसी मोटरसाइकिल से बड़कागांव की पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं.
गोली लगने से घायल सुधीर सोनी को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए.
