नाइजर में आतंकियों के चंगुल में फंसे बगोदर के पांच मजदूरों की आठ महीने बाद हुई वतन वापसी

गिरिडीह
  • परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

गिरिडीह. पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में आतंकियों के द्वारा अपहृत झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर क्षेत्र के पांच भारतीय मजदूर अब सुरक्षित भारत लौट आए हैं. वर्तमान में सभी मजदूर मुंबई में हैं जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सरकारी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है. प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वे शीघ्र ही अपने-अपने घर लौट जायेंगे. करीब आठ महीने के बाद मजदूरों के घर वापसी होने की सूचना मिलने के बाद जहां प्रशासनिक महकमा में हर्ष का माहौल है, वहीं पांचों मजदूरों के परिजनों के चेहरे पर भी मुस्कान लौट गयी है.

   जिन पांच मजदूरों का आतंकियों के द्वारा नाइजर में अपहरण किया गया था, उनमें गिरिडीह जिले के बगोदर के रहने वाले संजय महतो, चंद्रिका महतो, फलजीत महतो, राजू महतो और उत्तम महतो शामिल है. इनका अपहरण 25 अप्रैल 2025 को नाइजर की राजधानी नियामे से लगभग 115 किलोमीटर दूर तिल्लाबेरी जिले के सकोइरा क्षेत्र में हुआ था. ये सभी मजदूर कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड (KPIL) की पावर ट्रांसमिशन परियोजना में कार्यरत थे. इसी दौरान अचानक आतंकवादियों ने हमला कर दिया था. इस हमले में 12 नाइजर सैनिकों की भी जान चली गई थी और इन पांचों मजदूरों का अपहरण आतंकियों के द्वारा कर लिया गया था. जिसके बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद संवेदनशील बन गया था और लगातार झारखण्ड सरकार और केंद्र सरकार इस मामले में पहल कर रही थी और मजदूरों के वतन वापसी को लेकर कार्रवाई कर रही थी. करीब आठ महीने के बाद अब इन सभी पांचों मजदूरों की वतन वापसी हो रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *