झारखंड में ठंड का उतार-चढ़ाव जारी, आने वाले दिनों में मिल सकती है राहत

झारखंड

झारखंड में ठंड का उतार-चढ़ाव जारी है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जनवरी के तीसरे हफ्ते के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इससे सुबह और रात में ठंड एक बार फिर तेज हो गया है. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मेदिनीनगर का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री रहा. इसमें 2.8 डिग्री की गिरावट आई. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कांके में यह 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, यह ठंड स्थायी नहीं है. अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. 22 से 26 जनवरी के बीच राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन में हल्की गर्मी और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी.

सुबह में कोहरा, दिन में मौसम रह सकता है ड्राई

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के कई इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा. इससे विजिबिलिटी कम हो सकती है. ग्रामीण और नदी-घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा दिख सकता है. दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट जाएगा और मौसम ड्राई बना रहेगा. 24 और 25 जनवरी को कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. 26 जनवरी के आसपास उत्तर भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के बनने से झारखंड में भी मौसम बदल सकता है.

उत्तर-पूर्वी झारखंड में तापमान में लगातार बढ़ोतरी

उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. देवघर और धनबाद में अधिकतम तापमान 27 से बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 9 से बढ़कर 13 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. दुमका और साहिबगंज में भी इसी तरह का मौसम रहेगा. गोड्डा और पाकुड़ इस क्षेत्र के कमोवेश गर्मी रहेगी. यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. रात का तापमान भी 13 से 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. इससे ठंड का असर काफी हद तक कम हो जाएगा.

उत्तर-पश्चिमी झारखंड में सुबह में हल्की ठंड

उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. चतरा, गढ़वा और पलामू में 24 और 25 जनवरी के आसपास तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. इससे दोपहर में हल्की गर्मी रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो पलामू में 7 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना है, जो इस क्षेत्र में सबसे कम रह सकता है. इसके बाद यहां भी न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है. इस क्षेत्र में सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में आरामदायक मौसम बना रहेगा.

रांची समेत कई जिलों में ठीक-ठाक रहेगा मौसम

झारखंड की राजधानी रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और गुमला में मौसम कमोवेश ठीक-ठाक रहने का अनुमान है. रांची में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. गुमला इस क्षेत्र का सबसे ठंडा जिला बना रह सकता है. यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक जाने की संभावना है. यहां भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. बोकारो और हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री तक पहुंच सकता है. सुबह के समय ठंड और कोहरा, जबकि दिन में हल्की धूप लोगों को सर्दी से राहत देगी.

दक्षिण झारखंड में सबसे गर्म रहेंगे सिंहभूम और सरायकेला

दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान राज्य का सबसे अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना है. पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. पश्चिमी सिंहभूम में भी तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहेगा. सिमडेगा में अधिकतम तापमान थोड़ा कम रहेगा, लेकिन 30 डिग्री तक पहुंच सकता है. इस क्षेत्र में ठंड का असर काफी कमजोर पड़ता दिखेगा और मौसम वसंत जैसा महसूस होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *