गिरिडीह. गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल की टीम ने चतरो वन सुरक्षित क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध उत्खनन का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग ने गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर चतरो के पास से अवैध सफेद पत्थर (क्वार्ट्ज) लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है. वन विभाग की गश्ती टीम को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागने में सफल रहा. विभाग ने ट्रैक्टर मालिक और अज्ञात चालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वन प्रमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्रों में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
