कोडरमा. झारखंड के कोडरमा जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जिला प्रशासन के निर्देश पर झुमरीतिलैया के प्रमुख होटलों और मिठाई दुकानों से लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि हुई है. खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भेजे गए 23 सैंपलों में से 12 की रिपोर्ट आ चुकी है, जिनमें से 4 सैंपल तय मानकों पर फेल पाए गए हैं.
इन दुकानों के सैंपल हुए फेल
जांच रिपोर्ट के अनुसार, शहर के प्रतिष्ठित मिठाई प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था:
-
होटल रामेश्वरम: यहाँ से लिए गए ‘घी के लड्डू’ का सैंपल फेल हो गया है. जांच में पता चला है कि लड्डू में घी के स्थान पर रिफाइन तेल का इस्तेमाल किया जा रहा था. मामला अब अपर समाहर्ता कोर्ट में भेजा गया है.
-
लड्डू गोपाल स्वीट्स: यहाँ के लड्डू और खोवा दोनों के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे. संस्थान पर जुर्माना लगाया गया है.
-
नंदिनी स्वीट्स: कोडरमा स्टेशन के समीप स्थित इस दुकान के लड्डू का सैंपल भी फेल पाया गया है.
जुर्माना और प्रशासनिक कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि मिलावटखोरी और स्वच्छता के मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
-
नंदिनी और लड्डू गोपाल पर तत्काल प्रभाव से 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
-
पूरे वित्तीय वर्ष में अब तक गंदगी और अखाद्य रंगों के इस्तेमाल के मामले में विभिन्न दुकानों से करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है.
-
ठेला संचालकों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे हानिकारक रंगों को मौके पर ही नष्ट कराया गया है.
