गढ़वा. जिले के बिशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरी खुर्द गांव में शनिवार को पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाया. अनीता देवी नामक महिला ने घर में रखे ब्लेड से अपने गले पर वार कर खुदकुशी का प्रयास किया. परिजनों ने लहूलुहान हालत में उन्हें जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर लेकिन खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पति के छोड़कर जाने से थी परेशान
परिजनों के अनुसार, अनीता देवी के पति राजेंद्र भुइयां अपनी पत्नी को छोड़कर किसी दूसरी महिला के साथ कहीं चले गए हैं. इस घटना के बाद से ही अनीता गहरे मानसिक तनाव और आक्रोश में थी. पति की बेवफाई के कारण उसका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा था, जिसके चलते शनिवार को उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
गहरा है जख्म, पुलिस कर रही जांच
अनीता की चीख सुनकर जब परिजन कमरे में पहुँचे, तो उन्हें फर्श पर खून से लथपथ पाया. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, गले पर घाव काफी गहरा है और उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस कदम के पीछे पति की बेवफाई के अलावा क्या कोई और भी कारण या उकसावा था.
