गिरिडीह नगर निगम चुनाव: उपायुक्त ने रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया

गिरिडीह

गिरिडीह. देर रात्रि में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के निमित्त जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने बाजार समिति बिशुनपुर पचंबा स्थित रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया। मतदान समाप्ति के उपरांत विभिन्न मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएं एवं संबंधित निर्वाचन सामग्रियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिसीविंग सेंटर पर जमा कराई जा रही थीं। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रिसीविंग सेंटर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती के बीच मतदान दल क्रमवार अपनी-अपनी मतपेटिकाएं जमा कर रहे थे। प्रवेश एवं निकास मार्ग को सुव्यवस्थित रखा गया था, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतपेटिकाओं की प्राप्ति, सील की जांच, प्रपत्रों के मिलान तथा सुरक्षित भंडारण की प्रक्रिया का स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी कार्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हों। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से मतदान प्रतिशत, संवेदनशील केंद्रों की स्थिति तथा प्राप्त सामग्रियों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतपेटिकाओं के रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए।

देर रात तक चल रही इस प्रक्रिया में निर्वाचन कर्मियों की सक्रियता एवं समर्पण सराहनीय रही। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *