गिरिडीह. केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित यू जी सी के विरोध में रविवार को स्वर्ण समाज की एक बैठक गिरिडीह के अशोका होटल में की गई. बैठक में स्वर्ण समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए. बैठक में मुख्य रूप से यू जी सी पर विरोध जताया गया और केंद्र सरकार से यू जी सी को वापस लेने की मांग की गई. मौके पर स्वर्ण समाज के लोगों ने कहा कि सभी समाज के बच्चे शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई करने जाते हैं. मगर यू जी सी लाकर केंद्र सरकार स्वर्ण समाज के साथ भेदभाव कर रही है. कहा पढ़ाई करने वाले स्वर्ण बच्चों का अगर आपस में बैकवर्ड जाति, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के बच्चों के साथ अगर किसी प्रकार का विवाद हो जाता है तो इस नियम के तहत स्वर्ण समाज के बच्चे इसमें दोषी हो जाएंगे. कहा यह केंद्र सरकार का काला कानून है. स्वर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यहां तक पहुंचाने में स्वर्ण समाज का अहम योगदान है, मगर आज प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह देश के सभी संसाधनों और संस्थाओं पर अपना अधिकार स्थापित करने में जुट गए हैं. कहा जो मन चाहा नरेंद्र मोदी और अमित शाह मिलकर कानून बना देते हैं और उसे कैबिनेट में पास कर देते हैं. कहा किसी भी कानून बनाने के मामले में इनके सामने किसी कैबिनेट मंत्री का नहीं चलता है. कहा पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के विरुद्ध स्वर्ण समाज की यह लड़ाई है. यू जी सी के खिलाफ स्वर्ण समाज गोलबंद हो कर लड़ाई लड़ेगा.
