गिरिडीह. इंडियाज़ गॉट टैलेंट सीज़न 11 में फर्स्ट रनरअप बनकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले गिरिडीह के होनहार गिटारिस्ट अक्षय सिन्हा के शहर लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया. गांधी चौक स्थित होटल अशोका इंटरनेशनल की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन कर अक्षय सिन्हा को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान होटल के मैनेजर अभिषेक कुमार ने अक्षय सिन्हा को शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया. इंडियाज़ गॉट टैलेंट के मंच पर अपने शानदार और भावनात्मक प्रस्तुति से देशभर के दर्शकों का दिल जीतने के बाद जब अक्षय अपने गृह जिला गिरिडीह पहुंचे, तब से लगातार विभिन्न संगठनों और आम नागरिकों द्वारा उनका स्वागत और सम्मान किया जा रहा है. सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में युवा, प्रशंसक और शहरवासी मौजूद रहे. सभी ने अक्षय सिन्हा के साथ फोटो खिंचवाई और राष्ट्रीय मंच पर गिरिडीह एवं झारखंड का नाम रोशन करने के लिए उन्हें बधाई दी. कार्यक्रम के दौरान उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला. लोगों ने कहा कि अक्षय सिन्हा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से भी बड़े मंच तक पहुंचा जा सकता है. उनका यह सफर आने वाली पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है. मौके पर राजेश सिन्हा समेत कई लोग मौजूद थे. ।
