चक्रधरपुर. झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत मुर्गामहादेव रोड स्टेशन पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कोयले से लदी एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. इस हादसे के कारण देवझर-बांसपानी रेलखंड के अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने टाटा-गुवा मेमू ट्रेन को रद्द कर दिया है, जबकि खुर्दा रोड-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस को बांसपानी में ही रोकना पड़ा. इसके अलावा हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी को टाटानगर में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया और टाटा-विशाखापटनम एक्सप्रेस जैसे लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है.
हादसे की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर से 140 टन की क्रेन और डांगुवापोसी से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) को मौके पर रवाना किया गया है. मालगाड़ी पर भारी मात्रा में कोयला लदा होने के कारण बेपटरी डिब्बों को ट्रैक पर लाने में रेल प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. यह हादसा उस वक्त हुआ जब दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक स्वयं चक्रधरपुर मंडल के दौरे पर हैं. व्यस्ततम रेलखंड होने के कारण इस मार्ग के बाधित होने से न केवल यात्रियों को भीषण गर्मी में असुविधा हो रही है, बल्कि रेलवे के माल लदान लक्ष्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है. फिलहाल युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी है.
