हरलाडीह दुष्कर्म कांड: संथाल समाज का हंगामा, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

गिरिडीह

गिरिडीह. पीरटांड के हरलाडीह पंचायत के एक गांव की दो नाबालिग आदिवासी युवतियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में शामिल दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षुब्ध संथाल समाज के लोगों ने आज हरलाडीह ओपी का घेराव किया. इस दौरान लोगों के द्वारा पुलिस – प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस घेराव कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला – पुरुष शामिल हुए. संथाल समाज के द्वारा आहुत आक्रोश रैली हरलाडीह बाजार से प्रारंभ होकर जुलूस की शक्ल में पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए हरलाडीह ओपी परिसर तक पहुंची. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया. रैली में शामिल लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “बलात्कारी को गिरफ्तार करो”, “गिरिडीह पुलिस हाय-हाय”, “आदिवासियों पर अत्याचार बंद करो”, “पीड़िता को न्याय दो” जैसे नारों से प्रशासन को चेतावनी दी गई.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई सुस्त है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है. संथाल समाज के नेताओं ने कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा. मौके पर पूर्व प्रमुख सिकंदर हेंब्रम, अशोक हेंब्रम, सुशांत सोरेन, राजेश सोरेन समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *