धनबाद. झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने अपने ‘अबुआ दिशोम बजट’ में धनबाद के लिए एक बड़ी परियोजना की घोषणा की है. कतरास स्थित प्रसिद्ध लिलोरी मंदिर के पास 12 एकड़ जमीन पर एक आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) का निर्माण किया जाएगा. राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-32) से सटे इस स्थान पर टर्मिनल बनने से धनबाद ही नहीं, बल्कि बोकारो और पुरुलिया जैसे पड़ोसी जिलों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी. इस प्रोजेक्ट से शहर के बरटांड़ बस स्टैंड पर दबाव कम होगा और राजगंज NH-2 के जरिए दिल्ली-कोलकाता जैसे महानगरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही, इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
