चतरा: गेंजना पुल के पास भीषण सड़क हादसा; अनियंत्रित बाइक रेलिंग से टकराई, दो युवकों की मौत

झारखंड

चतरा. जिले के हंटरगंज-प्रतापुर मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. घटना गेंजना गांव के समीप स्थित पुल के पास की है, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई. मृतकों की पहचान प्रतापुर के लिपदा गांव निवासी 22 वर्षीय पंकज कुमार और इमामगंज पिपरा निवासी 23 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जोरी से प्रतापुर की ओर जा रहे थे, तभी पुल के पास यह हादसा हुआ.

हादसे की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार और पांडेपुरा पिकेट प्रभारी सुनील दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद लिपदा और पिपरा दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर परिजनों से संपर्क किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *