23 फरवरी को एग्जाम सेंटर कैसे पहुंचेंगे छात्र? झारखंड में जैक इंटर और आईसीएसई परीक्षा पर चुनाव भारी

झारखंड

झारखंड. झारखंड राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मंगलवार को नगर निकाय चुनावों का ऐलान कर दिया. लेकिन, जैक इंटर और आईसीएसई 12वीं की परीक्षा पर नगर निकाय चुनाव भारी पड़ता दिखाई दे रहा है. निर्वाचन आयुक्त ने 23 फरवरी को मतदान कराने की तारीख की घोषणा की है और इसी दिन झारखंड में जैक इंटर और आईसीएसई 12वीं की परीक्षा भी है. ऐसे में परीक्षा देने वाले छात्रों के गार्जियन के लिए यह चुनौती और चिंता बन गई है कि वे अपने बच्चों को एक्जाम सेंटर तक लेकर कैसे जाएंगे?

राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मंगलवार को नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा. लेकिन, इसी दिन झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की इंटर परीक्षा और आईसीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा भी होनी है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मतदान के बीच छात्र अपने एग्जाम सेंटर तक कैसे पहुंचेंगे? यह सवाल इसलिए भी पैदा हो रहा है, क्योंकि उस दिन चुनावी बंदोबस्त, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और मतदान केंद्रों की भीड़ की वजह से छात्रों और उनके गार्जियन कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा.

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, झारखंड के 09 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में एक साथ चुनाव कराए जाएंगे. मतदान की प्रक्रिया बैलेट पेपर से होगी. इस बार नोटा का विकल्प नहीं रहेगा. चुनाव की अधिसूचना 2 फरवरी को जारी होगी, उसी दिन से राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी. चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्यभर में संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथ चिह्नित किए जा रहे हैं. बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और चुनावकर्मियों की तैनाती होगी. इसका सीधा असर यातायात, स्कूल-कॉलेज परिसरों और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर पड़ना तय माना जा रहा है.

23 फरवरी को झारखंड में एक साथ कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं. इस दिन जैक इंटर (आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स) के छात्रों के लिए कम्प्लसरी कोर लैंग्वेज हिंदी बी और मातृभाषा की परीक्षा है. इसी दिन आईसीएसई 12वीं बोर्ड की केमिस्ट्री की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. इसके साथ ही आईसीएसई 10वीं के छात्रों की भी रोबोटिक एंड एआई और बेसिक डाटा इंटरप्रेटर विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसका मतलब यह है कि पूरे राज्य में एक साथ मतदान और परीक्षा दोनों कैसे संभव है?

जैक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार मैट्रिक की परीक्षा में करीब 4,23,861 छात्र शामिल होंगे, जिनके लिए 1232 केंद्र बनाए गए हैं. इंटरमीडिएट परीक्षा में 2,12,547 छात्र परीक्षा देंगे, जिनके लिए 757 केंद्र बनाए गए हैं. अधिकतर परीक्षा केंद्र वही स्कूल और कॉलेज हैं, जिन्हें चुनाव के दौरान मतदान केंद्र भी बनाया जाता है. ऐसे में केंद्रों पर पहले से ही बैलेट, सुरक्षा बल और चुनावकर्मी मौजूद रहेंगे. यही वजह है कि शिक्षा विभाग और अभिभावकों के बीच यह चिंता गहराती जा रही है कि इन स्कूल और कॉलेजों में पहले परीक्षा होगी या फिर मतदान कराया जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *