पत्नी के ऊपर फायरिंग मामले का आरोपी पति भेजा गया जेल

गिरिडीह

एसडीपीओ ने बताया रील बनाने के दौरान चली थी गोली, एक पिस्टल व एक देशी कट्टा बरामद

गिरिडीह. पत्नी के ऊपर कथित रूप से फायरिंग करने वाले आरोपी पति को राजधनवार के परसन ओपी पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया. गोली लगने से जख्मी हुई गज़ाला प्रवीण के पति इसराफिल अंसारी उर्फ राजा अंसारी को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ही हिरासत में ले लिया था. इस सिलसिले में राजधनवार के परसन ओपी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने पत्रकारों के सामने घटना का खुलासा किया. एसडीपीओ में बताया कि रील बनाने के दौरान पिस्टल से गलती से गोली चलने की बात सामने आई है. आरोपी बिहार के वैशाली जिला के सैदपुर डुमरा का रहने वाला है. वह पिछले कुछ वर्षों से परसन ओपी क्षेत्र के खिजरसोता क्रेशरमंडी के पास टायर पंक्चर का दुकान चलाता है और एक किराए के मकान में पत्नी के साथ रहता है. इसी बीच शुक्रवार की रात को किराए के मकान पर पति पत्नी द्वारा रील बनाने के दौरान पति के हाथ से गोली चल गई. इस घटना में उसकी पत्नी जख्मी हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाई और एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर किराए के मकान में छापा मार कर एक पिस्टल और एक देशी कट्टा बरामद किया गया. बरामद हथियार को एसडीपीओ ने अवैध बताया और हथियार को जब्त कर लिया गया है. इस मामले को लेकर परसन ओपी में आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत कांड अंकित कर आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है. जबकि अवैध हथियार को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है. जख्मी पत्नी का इलाज रांची रिम्स में कराया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *