पति और सास ने पांच लोगों के साथ मिलकर की थी शाहिना प्रवीण की हत्या, पति – सास समेत पांच गिरफ्तार,

गिरिडीह

साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाकर फेंक दिया था बगोदऱ के कारीपहरी जंगल में, पहली पत्नी को मार कर दूसरी शादी करना चाहता था जाबिर

गिरिडीह. गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली शाहिना प्रवीण के हत्याकांड के बाद शव को जला दिए जाने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल शाहिना प्रवीण के पति जाबिर अंसारी, सास जैबुन निशा, वकील अंसारी उर्फ़ रॉकी, गुड्डू अली और सराफत अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त दो बाईक, पांच मोबाइल फोन, मृतका का कपड़ा, टूटी हुई चूड़ी और टूटा हुआ क्लिप के साथ घटना में प्रयुक्त की गयी माचिस, बोतल और एक जुट का बोरा जब्त बरामद किया है. उक्त आशय की जानकारी गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर दी. बताया गया की 30 जनवरी की सुबह 07:30 बजे बगोदर थाना अन्तर्गत कारीपहाड़ी के जंगल में अज्ञात महिला का अर्द्धजला शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. जिसके बाद पुलिस के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सरिया – बगोदऱ के एसडीपीओ धनंजय राम पदाधिकारी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर घटनास्थल पर एफएसएल टीम, श्वान दस्ता, फिंगर प्रिंट एवं तकनीकी सहायता भेजी गई. उक्त टीम के द्वारा अनुसंधान के क्रम में लापता महिलाओं के बारे में पता किया गया, इस दौरान डुमरी थाना क्षेत्र से 20 जनवरी को लापता शाहिना प्रवीण पति-जाबीर अंसारी के परिजनो को घटनास्थल पर बुलाकर शव का पहचान कराया गया. अर्द्धजली महिला के शेष बचे शरीर पर पूर्व से बने निशान, उसके अर्द्धजले कपड़े एवं घटनास्थल पर गिरे चुढ़ी की पहचान कराने पर उक्त अर्द्धजली महिला की पहचान उनके माता-पिता ने अपनी पुत्री शाहिना प्रवीण पति-जाबीर अंसारी चिनो, डुमरी – गिरिडीह के रुप में किया. इसके बाद मृतका के पिता ताहुल अंसारी के आवेदन के आधार पर मृतिका के पति, सास एवं अन्य के विरुद्ध पुत्री शाहिना प्रवीण की हत्या कर शव को जलाकर फेंक देने के आरोप में बगोदर थाना कांड सं-20/26 दिनांक 30.06.2026 धारा-103 (1)/238/3 (5) बीएनएस दर्ज किया गया. एसआईटी टीम के द्वारा सघन छापामारी कर मृतिका के सास जैबुन निशा एवं पति जाबीर अंसारी को गिरफ्तार कर पुछताछ करने पर अपने स्वीकारोक्ति बयान में इनके द्वारा बताया गया कि शाहीना प्रवीण को कारीपहाड़ी ले जाकर हत्या कर जला दिया गया. एवं इस घटना में सराफत अंसारी, वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डु अली एवं अन्य दो नाबालिक लड़के शामिल है. मृतका के पति जाबीर अंसारी से पुछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि जाबीर अंसारी अपनी पत्नी को मारकर दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था. इस घटना में संलिप्त सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस एसआईटी टीम में सरिया – बगोदऱ के एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के अलावे पुनि अजय कुमार, सरिया अंचल पुअनि बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव, पुअनि अंजन कुमार, पुअनिअभिजीत कुमार, पुअनि आनंद कच्छप, सअनि झरी उरांव, सअनि संजय कुमार, सअनि तौफिक आलम, सअनि प्रदीप सिंह के साथ तकनीकी शाखा एवं बगोदर थाना के जवान शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *