धनबाद. स्टेशन रोड पर अवैध वसूली का खेल, RPF के नाम पर छोटे दुकानदारों से हर दिन वसूले जा रहे 200 रुपये, कथित दलाल के खौफ में फुटपाथी दुकानदार

झारखंड

धनबाद. धनबाद जंक्शन और उसके आसपास के इलाकों में इन दिनों अवैध वसूली की चर्चा गर्म है. स्टेशन रोड पर अस्थायी दुकान चलाने वाले लिट्टी-चाय, फल, पान और फूल विक्रेताओं ने आरोप लगाया है कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के नाम पर उनसे जबरन उगाही की जा रही है. स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, सोनू नाम का एक कथित दलाल और उसके सहयोगी रोजाना प्रत्येक दुकान से करीब 200 रुपये की वसूली कर रहे हैं.

दुकानदारों का कहना है कि पैसे देने से इनकार करने पर उन्हें RPF की कार्रवाई का डर दिखाया जाता है और दुकान हटाने की धमकी दी जाती है. फुटपाथी दुकानदारों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है कि उनके खून-पसीने की कमाई का एक हिस्सा इस तरह अवैध रूप से वसूला जा रहा है. चर्चा है कि इस सिंडिकेट के माध्यम से प्रतिदिन हजारों-लाखों रुपये की उगाही की जा रही है. हालांकि, इन गंभीर आरोपों पर अब तक रेलवे सुरक्षा बल या धनबाद रेल मंडल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. फिलहाल, यह रहस्य बना हुआ है कि कथित दलाल सोनू को किसका संरक्षण प्राप्त है और क्या इस वसूली में विभागीय संलिप्तता है या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *