ईरान युद्ध: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा; ‘ईरान की नौसेना और वायुसेना खत्म, परमाणु क्षमता भी पूरी तरह नष्ट’

नेशनल

वॉशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए हैं. ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी कार्रवाई में ईरान की नौसेना और वायुसेना पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और वर्तमान में अमेरिकी विमान तेहरान सहित ईरान के विभिन्न हिस्सों के ऊपर उड़ान भर रहे हैं. ट्रंप ने सबसे बड़ा दावा ईरान की परमाणु क्षमता को लेकर किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है. उनके अनुसार, यदि अमेरिका यह हमला नहीं करता, तो मात्र दो सप्ताह के भीतर ईरान परमाणु हथियार हासिल कर लेता, जिसका इस्तेमाल वह इजराइल और पूरे पश्चिम एशिया के खिलाफ निश्चित रूप से करता.

राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि ईरान अब समझौते की मेज पर आने को तैयार है. उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ जेरेड कुशनर इस बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं. ट्रंप के मुताबिक, ईरानी नेतृत्व इस बात पर सहमत हो गया है कि वे भविष्य में कभी परमाणु हथियार नहीं रखेंगे. इसके साथ ही, ट्रंप ने ईरान में ‘सत्ता परिवर्तन’ (Regime Change) का दावा करते हुए कहा कि वहां के मौजूदा नेतृत्व में बड़े बदलाव हो चुके हैं और अब सत्ता में बैठे लोग पहले से बिल्कुल अलग हैं. इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है, जिसे ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से साझा किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *