यरूशलेम. ईरान ने इजरायल के परमाणु अनुसंधान केंद्र वाले शहर डिमोना और अराद को निशाना बनाकर भीषण बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया है. इस हमले में अब तक 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है. इजरायल की आपातकालीन सेवा (MDA) के अनुसार, डिमोना के रिहायशी इलाके में मिसाइल गिरने से भारी तबाही हुई है और 10 साल का एक बच्चा भी छर्रे लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. हालांकि, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने स्पष्ट किया है कि ‘शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर’ को फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है.
हैरानी की बात यह रही कि इजरायल का अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की इस नई ‘पिनपॉइंट’ मिसाइल तकनीक को रोकने में असफल रहा, जिसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे भविष्य की लड़ाई का कठिन समय बताते हुए दुश्मनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकल्प दोहराया है. हमले के बाद अराद से करीब 150 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है.
