जमशेदपुर. बिष्टुपुर थाना अंतर्गत जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज कैंपस स्थित क्वार्टर में शनिवार को कॉलेज के 40 वर्षीय शिक्षक भीम राम का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया, जो सोफे पर पड़ा हुआ था. मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले भीम राम पिछले दो साल पहले अपनी पत्नी के निधन के बाद से काफी तनाव में और गुमसुम रहते थे. शुक्रवार से उनके कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था और कोई हलचल न होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया.
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों पर रहस्य बना हुआ है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत हार्ट अटैक, किसी बीमारी या अन्य कारणों से हुई है. फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है.
