जमशेदपुर. लौहनगरी के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नया बस्ती में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़खानी और सिगरेट से दागने के आरोपी कन्हैया रजक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा. शनिवार को पुलिस ने आरोपी के मन से कानून का खौफ पैदा करने और स्थानीय लोगों के बीच उसकी दहशत खत्म करने के लिए उसे हथकड़ी लगाकर पूरे इलाके में पैदल घुमाया. आरोपी अक्सर क्षेत्र में दुकानदारों और आम लोगों को धमकाकर भय का माहौल बनाता था.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 5 मार्च की शाम कन्हैया रजक ने महिला के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसे सिगरेट से दागने का भी प्रयास किया था. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें आरोपी सरेआम गाली-गलौज और गुंडागर्दी करता दिख रहा था. गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में आरोपी को चोट भी आई है. पुलिस के अनुसार, कन्हैया रजक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट के दो मामले दर्ज हैं. एसएसपी कार्यालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
