पीजी एथलेटिक्स के मणिकांत ने खेली 150 रनों की धुआंधार पारी
गिरिडीह. गिरिडीह कॉलेज खेल मैदान में विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के तत्वावधान में इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट (पुरुष वर्ग) 2025-26 का आागज सोमवार को हुआ. तीन दिनों तक चलनेवाले टूर्नामेंट का उदघाटन गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुज कुमार व आयोजन समिति के सचिव डॉ एम एन सिंह ने सभी प्रतिभागी टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया. मौके पर गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ खेलने का संदेश दिया. डॉ एम एन सिंह ने टूर्नामेंट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. टूर्नामेंट का पहला मैच संत कोलंबा कॉलेज हजारीबाग एवं झारखंड कॉलेज डुमरी के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में झारखंड कॉलेज डुमरी ने संत कोलंबा को 2 रनों से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड कॉलेज डुमरी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए संत कोलंबा कॉलेज की टीम 19.3 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शुभम कुमार यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया. शुभम ने 16 गेंदों में 22 रन बनाए तथा 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट भी प्राप्त किए.
पीजी एथलेटिक्स ने रामगढ़ कॉलेज को हराया
टूर्नामेंट का दूसरा मैच पीजी एथलेटिक्स वीबीयू एवं रामगढ़ कॉलेज रामगढ़ के बीच खेला गया. जिसमें पीजी एथलेटिक्स ने 33 रनों से मैच जीत लिया. पीजी एथलेटिक्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 193 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में रामगढ़ कॉलेज की टीम 15.5 ओवर में 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस मुकाबले में मणिकांत को उनके विस्फोटक प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. उन्होंने 64 गेंदों में 20 चौके एवं 9 छक्कों की मदद से 150 रन बनाए तथा गेंदबाजी में 4 ओवर में 2 विकेट भी हासिल किए. टूनामेंट में लाइव कमेंट्री प्रो डीके वर्मा ने किया. मौके पर आयोजन समिति के सदस्य प्रो ओंकार चौधरी, प्रो बालेंदु शेखर त्रिपाठी, डॉ बलभद्र सिंह, डॉ गुलाम समदानी, जय शंकर मिश्रा, विश्राम घासी, दिवाकर रविदास, रणधीर प्रसाद वर्मा, मुहम्मद रमीज रजा, प्रेम कुमार, जय प्रकाश पीटीआई, हीरालाल आदि मौजूद थे.
