खरसावां. झारखंड के खरसावां थाना अंतर्गत आमदा ओपी पुलिस ने बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में अवैध बालू से लदे दो भारी हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है. पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से बालू की अवैध ढुलाई की जा रही है. इसी क्रम में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर बड़ाबाम्बो की ओर जा रहे इन वाहनों को पकड़ा. जांच के दौरान चालक बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर ओपी परिसर में खड़ा कर दिया गया है.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे और सुबह के वक्त बालू का अवैध उठाव और परिवहन जारी है. इससे न केवल सरकार को राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि भारी वाहनों के दबाव से ग्रामीण सड़कें भी जर्जर हो रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चेकपोस्टों पर निगरानी बढ़ाई जाए और इस सिंडिकेट में शामिल मुख्य माफियाओं को चिह्नित कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है. आमदा ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन वाहनों का मालिक कौन है और बालू का उठाव किस घाट से किया गया था. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सरकारी संपदा की चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
