लातेहार के महुआडांड़ में बड़ा बस हादसा, 9 लोगों की मौत, 82 घायल

झारखंड

लातेहार. झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सस्ता ओरसा घाटी में रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ब्रेक फेल होने के कारण एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 82 से अधिक यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका मातम में डूब गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सस्ता ओरसा घाटी से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए. तेज ढलान पर बस चालक नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई. बस में सवार यात्री एक-दूसरे पर गिर पड़े। कई लोग बस के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया.

हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में पिपरशकोट गांव निवासी रेशांती देवी (35), प्रेमा देवी (37), सीता देवी (45), सोहामती देवी (45), सुखवा भुइयां (40) और विजय बसंत (32) शामिल हैं. ये सभी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.बस में सवार सभी यात्री छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से महुआडांड़ के लोध गांव जा रहे थे. वहां राकेश सोनवानी के घर लड़के का “छेका” (शादी से पहले की रस्म) कार्यक्रम आयोजित था. बस में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवक बड़ी संख्या में सवार थे. उत्सव में शामिल होने निकले लोगों की यह यात्रा मौत का सफर बन गई.

दुर्घटनाग्रस्त बस स्कूल बस थी. इसमें बैठने की क्षमता 52 यात्रियों की थी, लेकिन उसमें 90 से अधिक लोग सवार थे. ओवरलोडिंग के कारण बस का संतुलन बिगड़ा और ब्रेक फेल होने पर हादसा और भी भयावह हो गया. बस का नंबर सीजी 15 एबी 0563 बताया गया है. यह ज्ञान गंगा हाई स्कूल के नाम पर रजिस्टर्ड है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *