कई मौके हाथ से निकल गए, न्यूजीलैंड से सीरीज गंवाने पर बोले कप्तान शुभमन गिल

एंटरटेनमेंट

टीम इंडिया को न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पडा. होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे मैच में हार के बाद कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) काफी निराश दिखे. गिल ने माना कि सीरीज 1-1 से बराबर होने के बाद जिस तरह टीम ने आखिरी मैच खेला वह उम्मीदों के मुताबिक नहीं था. इस हार के साथ न्यूजीलैंड ने भारत में 1988 के बाद पहली बार कोई वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया.मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कप्तान शुभमन गिल ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पहले मैच में जीत के बाद टीम अच्छी लय में थी लेकिन आखिरी मुकाबले में वही लय नजर नहीं आई. गिल के मुताबिक करो या मरो वाले मुकाबले में भारतीय टीम दबाव में बिखर गई. उन्होंने माना कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कई मौके हाथ से निकल गए. कप्तान ने यह भी कहा कि अगर टीम को आगे बड़ी सीरीज और टूर्नामेंट जीतने हैं तो इन गलतियों से सबक लेना होगा.

हालांकि हार के बीच भी कप्तान ने कुछ पॉजिटिव चीजों की ओर इशारा किया. शुभमन गिल ने विराट कोहली (Virat Kohli) और हर्षित राणा (Harshit Rana) की बल्लेबाजी को टीम के लिए प्लस प्वाइंट बताया. टारगेट का पीछा करते हुए विराट ने शानदार सेंचुरी लगाई और मुश्किल हालात में टीम को संभाला. वहीं हर्षित राणा ने लोअर ऑर्डर में जिम्मेदारी दिखाते हुए अपने करियर की पहली फिफ्टी लगाई. दोनों के बीच हुई साझेदारी से एक समय ऐसा लगा कि भारत मैच में वापसी कर सकता है लेकिन बाकी बल्लेबाज साथ नहीं दे पाए.

गिल ने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने अपनी पूरी कोशिश की. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की सेंचुरी ने भारतीय गेंदबाजों को काफी दबाव में रखा. इसके बावजूद अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लेकर टीम को वापसी का मौका दिया. लेकिन आखिरी ओवर्स में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर एक बड़ा स्कोर सामने रख दिया.

कप्तान शुभमन गिल ने आगे की सोच पर भी बात की. उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखकर कुछ नए खिलाड़ियों को मौके देना चाहता है. इसी वजह से नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाडियों को लगातार मौके मिल रहे हैं. गिल का मानना है कि अभी से टीम को तैयार करना जरूरी है ताकि आगे बड़े मंच पर मजबूत प्रदर्शन किया जा सके. उन्होंने भरोसा जताया कि सीख लेकर टीम इंडिया आने वाले समय में बेहतर खेल दिखाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *