साहिबगंज: स्वर्ण व्यवसायी से नकाबपोश अपराधियों ने की लूटपाट; मारपीट के बाद दो राउंड फायरिंग से फैली दहशत

झारखंड

साहिबगंज. झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना अंतर्गत डेढगामा गांव के समीप सोमवार को अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाकर सनसनीखेज लूटपाट की. पीड़ित गौतम स्वर्णकार, जो मंगलहाट चौक पर अपनी आभूषण दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, उन्हें 4 से 5 नकाबपोश अपराधियों ने सुनसान सड़क का फायदा उठाकर घेर लिया. अपराधियों ने व्यवसायी पर देशी कट्टे के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और लगभग 80 हजार रुपये नकद, आधा किलो चांदी, दो भरी सोने के जेवरात सहित बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन और थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. घायल व्यवसायी का प्राथमिक उपचार राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की है और सूत्रों के अनुसार तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों ने दावा किया है कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *