गिरिडीह. नगर पालिका आम चुनाव के मतगणना का कार्य शुरू हो गया है. कड़ी सुरक्षा के बीच डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. बिमल कुमार की मौजूदगी में मतगणना का कार्य शुरू हो गया है. डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं. तय समय पर सुबह आठ बजे मतपेटिकाओं को ब्रजगृह में तय समय पर अभ्यर्थियों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया. मतगणना के लिए नगर निकायवार अलग-अलग हॉल निर्धारित किए गए हैं. प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि गणना की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे. अधिक मतदाताओं वाले वार्डों के लिए अतिरिक्त टेबल की व्यवस्था की गई है, जिससे कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके. गिरिडीह नगर निगम के लिए हॉल संख्या 01 में वार्ड 1 से 18 तक 16 टेबल और 5 चक्र में मतगणना होगी. हॉल संख्या 02 में वार्ड 19 से 36 तक 16 टेबल और 4 चक्र में गिनती की जाएगी. बड़की सरैया नगर पंचायत में 8 टेबल और 2 चक्र, जबकि धनवार नगर पंचायत में भी 8 टेबल और 2 चक्र निर्धारित किए गए है. नगर निगम गिरिडीह के लिए 96, बड़की सरैया के लिए 24 और धनवार के लिए 24 मतगणना कर्मियों की तैनाती की गई है. कुल 166 मतदान केंद्रों के लिए 192 कर्मियों को लगाया गया है. प्रत्येक राउंड के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी और अभ्यर्थियों को परिणाम पत्रक उपलब्ध कराया जाएगा.
