रिश्तों का कत्ल: शादी करने की जिद पड़ी भारी, भाभी ने अपने ही प्रेमी देवर को रास्ते से हटाया

रांची

रांची. रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र के लोधमा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग और ईर्ष्या के चलते एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही चचेरे देवर, शंकर नायक की जहर देकर हत्या कर दी। मृतक शंकर नायक के माता-पिता की मृत्यु के बाद उसकी चचेरी भाभी गीता देवी उसका ख्याल रखती थी, जिस दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। विवाद तब शुरू हुआ जब शंकर ने दूसरी जगह शादी करने की तैयारी की, जो गीता को मंजूर नहीं था।

6 फरवरी को गीता ने सुनियोजित साजिश के तहत शंकर को चाय में कीटनाशक मिलाकर दे दिया। शक से बचने के लिए उसने अपने पति बलदेव मछुवा को भी वही चाय दी, लेकिन उसे पहले ही इसे न पीने की हिदायत दे दी थी। पति ने बाद में बीमारी का नाटक किया ताकि मामला संदिग्ध न लगे। चाय पीने के बाद शंकर की तबीयत बिगड़ी और जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक के भाई सुकरा नायक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। बुंडू डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने साक्ष्यों के आधार पर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया और आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *