गिरिडीह. शिक्षा और खेल के अनूठे संगम से गिरिडीह के सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदल रही है. M3M फाउंडेशन एवं डेवलपमेंट ऑफ कॉर्पोरेट सिटीजनशिप (DoCC) के सहयोग से अभिव्यक्ति फाउंडेशन द्वारा संचालित परियोजना “खेल बदलाव का – स्पोर्ट्स फॉर क्वालिटी एजुकेशन” जिले के 36 सरकारी स्कूलों में सफलतापूर्वक क्रियान्वित की जा रही है. इस पहल ने न केवल बच्चों को मैदान तक पहुँचाया है, बल्कि स्कूलों में उनकी उपस्थिति और शिक्षा के प्रति रुचि को भी बढ़ाया है.

इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 से 8 तक के 5000 से अधिक विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ा गया है. अगस्त 2025 से अब तक खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स जैसे खेलों में कुल 3981 खेल सहभागिता दिवस आयोजित किए जा चुके हैं. स्कूलों को न केवल खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है, बल्कि खेल क्लबों का गठन कर ‘खेल स्वयंसेवकों’ को प्रशिक्षित भी किया गया है. परियोजना के मुख्य उद्देश्य बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास करना है. परियोजना प्रभारी मोहम्मद वसीम, जो स्वयं एक जिला स्तरीय फुटबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं, ने बताया कि हमारा उद्देश्य विद्यालय में खेल कोचिंग के साथ-साथ समुदाय स्तर पर भी खेलकूद को बढ़ावा देना है. शिक्षकों और अभिभावकों के साथ नियमित संवाद से एक ऐसा माहौल तैयार हो रहा है जहाँ खेल को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा माना जा रहा है.
