रांची. झारखंड की राजधानी में शनिवार को ईद और सरहुल के मौके पर यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं. रांची ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 6:00 बजे से ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर ‘नो एंट्री’ लागू की थी, इसके बावजूद रांची-पटना रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर बसें, ट्रक और व्यावसायिक वाहन बेधड़क दौड़ते नजर आए. हैरानी की बात यह रही कि जिन चौक-चौराहों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती होनी चाहिए थी, वहां जवान नदारद मिले. प्रशासन ने ईदगाहों में उमड़ने वाली भीड़ और सरहुल की शोभायात्रा को देखते हुए भारी वाहनों को रिंग रोड पर डायवर्ट करने का प्लान बनाया था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नहीं दिखा और नियमों का उल्लंघन जारी रहा.
