पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को आधिकारिक तौर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सदस्य बन गए. जदयू कार्यालय में आयोजित इस मिलन समारोह में निशांत कुमार ने अपनी सादगी से सबका ध्यान खींचा. वे बेहद साधारण कुर्ता-पजामा और हवाई चप्पल पहनकर पार्टी दफ्तर पहुंचे थे. उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा और परिसर में हाथी, घोड़े, ऊंट और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य जश्न मनाया गया. इस दौरान “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” के नारों से पूरा कार्यालय गूंज उठा.
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे लोगों के हृदय में बसने की कोशिश करेंगे और अपील की कि सभी लोग उनके पिता (नीतीश कुमार) पर अपना विश्वास बनाए रखें. कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे, हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए. पार्टी नेताओं ने निशांत की तारीफ करते हुए उन्हें शांत, सरल और धैर्यवान बताया और कहा कि उनमें अपने पिता की छवि झलकती है, जिससे पार्टी को एक नई उम्मीद मिली है.
