रांची: राजधानी रांची का पिस्का रेलवे स्टेशन अब अमृत भारत स्टेशन के रूप में पूरी तरह सज-धज कर तैयार है. गुरुवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस आधुनिक स्टेशन का उद्घाटन करेंगे.
आनंद विहार टर्मिनल की तर्ज पर विकास
सांसद संजय सेठ ने कहा कि पिस्का स्टेशन को नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल की तर्ज पर विकसित किया गया है. उन्होंने कहा कि यह स्टेशन भविष्य में रांची का एक बड़ा रेल हब बनेगा, जहाँ कई प्रीमियम ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा. इस इलाके में महत्वपूर्ण शैक्षणिक और प्रशासनिक संस्थान होने के कारण यह स्टेशन हजारों लोगों के लिए वरदान साबित होगा.
रांची जंक्शन पर कम होगा यात्रियों का बोझ
पिस्का स्टेशन के पूरी तरह शुरू हो जाने से रांची जंक्शन पर यात्रियों का भारी दबाव कम होगा. शहर के इस छोर पर रहने वाले यात्रियों को अब मुख्य स्टेशन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य तय समय और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया गया है.
पिस्का स्टेशन की आधुनिक सुविधाएं:
-
वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर: स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और पार्किंग को आधुनिक लुक दिया गया है.
-
बेहतर यात्री सुविधाएं: अत्याधुनिक वेटिंग हॉल, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं से लैस.
-
कनेक्टिविटी: भविष्य में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से राजधानी के रेल नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी.
-
राहत: पिस्का और आसपास के इलाकों के यात्रियों के लिए आवागमन अब और भी सुगम होगा.
