गिरिडीह: जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने महज 40 घंटे के भीतर तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है. साथ ही मुख्य आरोपी दीपक दास को भी हिरासत में लिया गया है.
एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम में बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज और भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार शामिल थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और किशोरी को तोपचांची क्षेत्र से उस वक्त पकड़ा, जब आरोपी दीपक दास किशोरी को लेकर फरार होने की फिराक में था.
“पुलिस ने मामले को प्राथमिकता देते हुए 40 घंटे के भीतर सफलता प्राप्त की है. कानून सम्मत कार्रवाई की जा रही है और किशोरी का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा.” — पुलिस आधिकारिक बयान
