नई दिल्ली. देश की राजधानी में हनुमान मंदिर चौक के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां राजस्थान की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. दमकल विभाग के अनुसार, उन्हें रात करीब 1:08 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे. चश्मदीदों और बचाव दल की तत्परता से यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए.
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद एक ऑटो चालक ने बताया कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है और बस में 30 से 35 लोग सवार दिख रहे थे. चश्मदीद के अनुसार, स्थानीय लोगों ने मिलकर यात्रियों को बचाने की कोशिश की, जिसमें एक महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया. शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और यह हादसा घटित हो गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना की असल वजह क्या थी.
